यदि आप एक उन्मुक्त तथा नवोन्मेषी समूह के साथ जुड़कर सहयोगात्मक तथा रचनात्मक वातावरण में ज्ञान के आदान–प्रदान के इच्छुक हैं, तो लक्ष्मी राम नारायण विद्या संस्थान एक विद्यार्थी के रूप में आपका स्वागत करता है।
इस विद्या संस्थान की स्थापना यथासम्भव समाज के सभी विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा, साधन तथा वातावरण उपलब्ध कराने की दृष्टि से पूर्णतया कल्याणार्थ उद्देश्यों के साथ की गई है। विद्या संस्थान की मातृसंस्था, संस्थापकगण अथवा प्रबन्धन इसके आगम से कोई भी लाभांश नहीं लेते हैं। अतएव् विद्या संस्थान ने शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों के वेतन, भविष्य–निधि एवं सहायता–कोष, शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन, अवसंरचनात्मक सुधार आदि की व्यवस्था हेतु न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया है। विद्या संस्थान द्वारा आर्थिक रूप से असक्षम विद्यार्थियों को निःशुल्क अथवा आंशिक शुल्क लेकर शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे। शुल्क में इस छूट की क्षतिपूर्ति विद्या संस्थान की मातृसंस्था, श्री रास बिहारी मिशन द्वारा की जाती है, ताकि आय में हुई हानि के कारण शिक्षकों तथा शिक्षकेतर कर्मियों के हित नकारात्मक रूप से प्रभावित न हों। आगामी सत्र 2019–20 के लिए निर्धारित शुल्क इस प्रकार है :
शुल्क | अवधि | राशि |
---|---|---|
निबन्धन शुल्क | केवल एक बार | 300.00 |
नामांकन शुल्क | केवल एक बार | 2200.00 |
विकास शुल्क | प्रति वर्ष | 400.00 |
परीक्षा शुल्क | प्रति वर्ष | 900.00 |
शिक्षण शुल्क (कक्षा नर्सरी से प्रथम तक) | प्रति माह | 550.00 |
शिक्षण शुल्क (कक्षा द्वितीय से पंचम तक) | प्रति माह | 600.00 |
शिक्षण शुल्क (कक्षा षष्ठम से अष्टम तक) | प्रति माह | 750.00 |
प्रक्रियागत प्रभार | प्रति वर्ष | 100.00 |